सतना: मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिवनारायण के रूप में हुई है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।युवक की हत्या का आरोप साहिल नाम के युवक पर लगा है, जिसके साथ शिवनारायण का पुराना विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। गुस्से में आकर आरोपी साहिल ने धारदार चाकू से शिवनारायण के गले पर वार कर दिया। सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी ख्याति मिश्रा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर रवाना हुईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी साहिल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
