
छतरपुर। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में बीती रात उस समय हंगामा मच गया जब सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने बाइक सवार तीन युवकों की बेल्ट और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 9 बजे की है। मृतक की पहचान सटई रोड निवासी 35 वर्षीय दिलीप पिता बृन्दावन यादव के रूप में हुई है। दिलीप रात 8 बजे साइकिल से पन्नानाका स्थित मिठाई की दुकान से घर लौट रहे थे, तभी शराब ठेके के पास एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल दिलीप को बाइक सवार ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही दिलीप के करीब 15 परिजन अस्पताल पहुंचे और गुस्से में तीनों बाइक सवारों पर हमला कर दिया। परिजनों ने युवकों को अस्पताल के भीतर बुरी तरह पीटा और घसीटते हुए छत्रसाल चौराहे तक ले गए। इस दौरान अस्पताल के गार्ड, डॉक्टर और चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने उनकी एक न सुनी।
घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें इमरजेंसी वार्ड में परिजन युवकों की पिटाई करते नजर आ रहे हैं, जबकि गार्ड उन्हें बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। सिटी कोतवाली पुलिस को अस्पताल प्रबंधन ने सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
