पेट संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे वार्ड 64 के रहवासी

इंदौर: जन स्वास्थ्य को लेकर जहां राज्य एवं केंद्र सरकार विभिन्न योजनाएं चलाकर दवाइयों और स्वास्थ्य सुरक्षा पर करोड़ों खर्च कर रही हैं, वहीं नगर निगम लोगों को दूषित जल पिलाकर सरकार के इस प्रयास पर पानी फेर रही है. शिकायत के बाद भी निगम के जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं. वहीं, यहां के रहवासी टायफाइट, ज्वाइन्डिस और पेट संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं.

दूषित पानी की समस्या यूं तो शहर के अनेक क्षेत्रों में है, लेकिन वार्ड 64 के रहवासी इससे ज्यादा ही पीड़ित हैं. यह वार्ड तीन ईमली क्षेत्र में आता है. वार्ड के अंतर्गत आने वाला चितावद क्षेत्र मजदूर वर्ग एवं छोटी-मोटी नौकरी करने वालों से भरा पड़ा है. यहां के रहवासियों के अनुसार, वे दूषित पानी पीने को मजबूर हैं. क्षेत्र में पानी की आपूर्ति और गुणवक्ता को लेकर कई चौंकाने वाली बातें सामने आई. रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में नर्मदा पानी की लाईन तो कई वर्षो से है, लेकिन कुछ वर्षो से नलों से दूषित पानी ही लोगों को मिल रहा है.

इसके सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर बहुत ही ज्यादा बुरा प्रभाव पड़ रहा है. रहवासियों द्वारा इस समस्या को लेकर पूर्व में जब शिकायत दर्ज करवाई गई थी, तब यह बात सामने आई थी कि नर्मदा पानी की लाईन को डले काफी समय हो गया है. वह जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और सीवरेज का गंदा पानी उसमें जा रहा है. बाद में भी कई बार जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक इसका निराकरण नहीं किया गया. नगर निगम की अनदेखी के चलते लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं.

यह बोले रहवासी
नलों से पानी गंदा तो आ रहा है, पर क्या करें नर्मदा लाईन से जो भी पानी आता है, मजबूरन वही पीना पड़ता है. अब काम पर जाएं या दूसरे क्षेत्र में रोज पानी के लिए जाएं.
– सोनू बोरासी

जब चेंबर फुल हो जाते हैं तो नलों से और भी ज्यादा गंदा पानी आने लगता है. इसके अलावा दूसरा विकल्प ही नहीं है. इसलिए पानी में दवा या फिटकरी डालकर पीने में उपयोग करते हैं.
– नीता पिपलोदिया

नलों से चलते पानी में कभी भी चेंबर की गंदगी मिक्स हो जाती है. फिर पूरी टंकी खाली करना पड़ता है. दूषित पानी से लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा. तरह-तरह की बीमारियां हो रही हैं. मैं खुद भी कई दिनों से बीमार हूं.
– अनंतनारायण पंड्या

Next Post

त्योहारों पर पुलिस की सख्ती, लसूड़िया थाना क्षेत्र में 40 बदमाशों ने भरी हाजिरी

Thu Oct 23 , 2025
इंदौर: त्योहारों के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर लसूड़िया पुलिस ने क्षेत्र के सक्रिय गुंडों और चाकूबाजों के खिलाफ अभियान चलाकर 40 से अधिक बदमाशों को राउंडअप किया. इस दौरान जहां […]

You May Like

Play sound