
धामनोद। मध्य प्रदेश के धामनोद में पहचान छिपाकर एक युवती को प्रेम जाल में फंसाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुल हादी पठान को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने कथित तौर पर अपनी हिंदू पहचान बताकर युवती को धोखे में रखा था।
पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को आरोपी के पास मौजूद एक आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी असली पहचान उजागर हुई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले महेश्वर की एक मोबाइल दुकान पर उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम आदित्य ठाकुर बताया था। आरोपी ने पीड़िता का भरोसा जीतकर उससे दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि आरोपी ने दिसंबर 2025 और अप्रैल 2026 में धामनोद के एक निजी होटल में युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी की बात की, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसी बीच आरोपी की जेब से मिले आधार कार्ड की फोटोकॉपी ने युवती के होश उड़ा दिए, जिसमें उसका नाम अब्दुल हादी पठान अंकित था। सच्चाई सामने आने के बाद जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी।
धामनोद थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। एफ़आईआर में दर्ज आरोपों के अनुसार, आरोपी पर पहचान छिपाकर धोखाधड़ी करने, दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्त में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
