
इछावर। देवपुरा में भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में बुधवार को पारंपरिक बारह खंभा मेले का भव्य आयोजन हुआ. सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया और दिनभर आस्था का सैलाब उमड़ता रहा. करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ की देवशिला पर दूध चढ़ाकर पशुधन और परिवार की समृद्धि की कामना की. मेले में उमड़ी भीड़ के कारण आसपास की सड़कों पर यातायात जाम रहा, पुलिस ने एक किमी पहले ही वाहनों को रोककर व्यवस्था संभाली. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए थे.
मेला स्थल पर हजारों लीटर दूध से अभिषेक किया गया, वहीं दुकानों और झूलों से मेले में रौनक छाई रही. एक दिन में करोड़ों रुपए का कारोबार होने का अनुमान है.भीड़ के कारण सिंगल रोड पर लंबे जाम लगे. नारियल के छिलकों में लगी आग और एक बाइक में आगजनी की छोटी घटनाएं हुईं, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से मेले का आयोजन सकुशल संपन्न हुआ.
