बड़े लोकतंत्र के रूप में दुनिया को उम्मीद की किरण दिखाते रहें भारत और अमेरिका: मोदी

नयी दिल्ली 22 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर बधाई और शुभकामनाओं के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कामना की है कि दोनों महान लोकतंत्र दुनिया को उम्मीद की किरण दिखाते रहें और हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहें। इससे पहले श्री ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में टीप जलाकर दीपावली मनाई और श्री मोदी को फोन कर बधाई तथा शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के साथ उनकी बातचीत अच्छी रही। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान भारत की रूस से तेल की खरीद और व्यापार के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

श्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ बातचीत के बाद बुधवार को सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने भारत-अमेरिका साझेदारी की स्थायी मज़बूती पर ज़ोर दिया और आतंकवाद से निपटने तथा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा , ” राष्ट्रपति ट्रम्प आपके फ़ोन कॉल और दिवाली की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। प्रकाश के इस पर्व पर, हमारे दो महान लोकतंत्र विश्व को आशा की किरण दिखाते रहें और सभी रूपों में आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट रहें।”

श्री ट्रंप ने दीपावली पर आयोजित कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों को बधाई देते हुए कहा, “मैंने आज ही आपके प्रधानमंत्री से बात की। हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही।” उन्होंने कहा, ” हमने कुछ ही समय पहले बात की थी कि पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध न हो। यह बातचीत बहुत अच्छी रही थी। ” राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों के बीच बहुत विषयों बात हुई, लेकिन उनमें व्यापार प्रमुख रहा। प्रधानमंत्री की व्यापार में बहुत रुचि है। श्री ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने इस दौरान भारत के रूस से तेल की खरीद पर भी बात की और भारत रूस से ज्यादा तेल नहीं खरीदेगा। उन्होंने कहा कि भारत भी चाहता है कि रूस और यूक्रेन युद्ध बंद हो जाये और वह रूस से ज्यादा तेल नहीं खरीदने जा रहा।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का शाश्वत स्मरण है। यह अज्ञान पर ज्ञान की विजय है, और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

श्री ट्रंप ने कार्यक्रम में आये लोगों का स्वागत करते हुए कहा, “यहां आने के लिए शुक्रिया! बहुत शुक्रिया! क्या शानदार संस्कृति है और क्या शानदार लोग हैं।”

उन्होंने भारतीयों को दुनिया के सबसे बड़े कारोबारी और गंभीर लोगों का समूह बताया और कहा, ” हम आपकी संस्कृति, आपकी भावना का जश्न मनाते हैं और हम अमेरिका तथा भारत के बीच मित्रता को और मज़बूत करते रहेंगे। सभी को बधाई और दिवाली की शुभकामनाएं।”

श्री ट्रंप ने श्री मोदी को कमाल का इंसान बताया और कहा कि समय के साथ श्री मोदी उनके और भी गहरे दोस्त बन गये हैं।

 

Next Post

पीयूष गोयल गुरुवार से जर्मनी की आधिकारिक यात्रा पर

Wed Oct 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) जर्मनी और भारत की ओर से पारस्परिक सहयोग संबंध को विस्तार देने के प्रयासों की कड़ी में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल गुरुवार से जर्मनी की सरकारी यात्रा पर रहेंगे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जबकि दोनों देश इस वर्ष […]

You May Like