
ब्यावरा। पुराना ए.बी. रोड पर दीपावली की शाम को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा तीन दुकानों से चोरी करने की घटना प्रकाश में आई है.
जानकारी के अनुसार पुराना ए.बी. रोड पर गुड चौराहा के समीप अकबर बिल्डिंग में सोमवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा तीन दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया. दीपावली त्यौहार पर भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उक्त व्यक्ति द्वारा घटना को अंजाम देते हुए यहां से नगदी, सामान लेकर फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार बिल्डिंग में स्थित कमरुद्दीन खान की सिलाई मशीन की दुकान और होजेफा सैफी की मोबाइल शॉप में चोरी हुई. दोनों दुकानों से लगभग 12 हजार रुपये नगदी और मशीन का कुछ सामान चोरी हुआ. जबकि एक अन्य दुकान का ताला भी तोड़ा गया. परन्तु वहां से कोई सामान चोरी नहीं हो सका.
दुकानदारों के अनुसार ग्राहकों की भीड़ के चलते चोरी की भनक नहीं लगी. देर शाम को जब दुकानों की जांच और सीसीटीवी फुटेज देखने पर घटना सामने आई. जिसमें एक युवक तीनों दुकानों में चोरी करता हुआ नजर आया.
मंगलवार को दुकानदार सिटी पुलिस थाने पहुंचे और चोरी की घटना की जानकारी दी. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
