चम्बल नदी में जल स्तर खतरे के निशान से नौ मीटर ऊपर हुआ

धौलपुर, 30 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के धौलपुर में चम्बल नदी खतरे के निशान से करीब नौ मीटर ऊपर बहने से बाढ़ की आशंका उत्पन्न हो गयी है।

सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कोटा बैराज से छोड़े गये पानी और भराव क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण नदी का जल स्तर 139.80 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 130.79 से नौ मीटर से अधिक है।

उधर, जल संसाधन विभाग ने आज जल स्तर के 141 मीटर पहुंचने की संभावना जताई है। जल स्तर के 143 मीटर पहुंचने पर 25 से अधिक गांवों में बाढ़ आने की आशंका है।

सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में सरमथुरा इलाके के झिरी गांव तक पानी पहुंचने लगा है। निचले इलाके में बसे करीब 85 घरों को खाली करा लिया गया है। जल स्तर बढ़ने से झिरी क्षेत्र के छह से अधिक गांवों का रास्ता बंद हो चुका है। जिला कलेक्टर निधि बी टी और धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान डूब क्षेत्र वाले स्थानों का दौरा कर रहे हैं। उपखंड अधिकारी अमन चौधरी स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं। नदी के पुराने पुल पर लोगों को जाने से राेकने के लिये पुलिस दल तैनात कर दिया गया है।

चंबल नदी का जल स्तर 2022 के बाद इतना बढ़ा है, कि कई गांवों के लिए बाढ़ का संकट उत्पन्न हो गया है।

 

Next Post

कपड़ा मिल पुनः शुरू करने की मांग, सांसद आलोक शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

Wed Jul 30 , 2025
भोपाल। सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल स्थित कपड़ा मिल को पुनः प्रारम्भ किये जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखा है, जिसे कपड़ा मंत्रालय ने संज्ञान में ले लिया है. सांसद शर्मा ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि मार्च 2020 में शुरू हुई कोरोना महामारी […]

You May Like