चलती कार पर पटाखे फोड़ते युवकों का वीडियो वायरल, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

पिपलियामण्डी। दीपावली की रात पिपलियामंडी-मनासा रोड पर कुछ युवकों द्वारा चलती कार की छत पर पटाखे फोड़ने का खतरनाक कारनामा सामने आया है। यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है, जब कृषि उपज मंडी के आगे मनासा मार्ग पर युवकों ने यह स्टंट किया। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, चलती कार क्रमांक एमपी 09 डीसी 8139 की छत पर तीन युवक सवार थे। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक युवक ने चलती कार का गेट खोलकर स्काई शॉट पटाखा कार की छत पर रखा और आग लगा दी। दूसरा युवक गाड़ी चला रहा था, जबकि तीसरा युवक कार की खिड़की से आधा बाहर लटककर मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इस दौरान बाइक पर सवार अन्य युवक कार के आगे-पीछे चलकर इस पूरे स्टंट का वीडियो शूट कर रहे थे। दीपावली की रात किए गए इस जोखिम भरे स्टंट से किसी बड़े हादसे की संभावना टल जाना गनीमत रही। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और कार को ट्रैक कर राउंडअप किया गया। वाहन का पंजीयन प्रवीण गुप्ता निवासी पिपलियामंडी के नाम पर है।

पुलिस ने चालक धन्ना पोरवाल पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 132(2) एवं 184 के तहत कार्रवाई करते हुए 1500 रुपए खर्च का चालान बनाया। साथ ही कार में सवार अन्य युवकों के परिजनों को चौकी बुलाकर सख्त हिदायत दी गई। चौकी प्रभारी यादव ने कहा कि चलती गाड़ी पर पटाखे फोड़ना और इस तरह का स्टंट करना न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। दीपावली जैसे त्योहार पर इस तरह की लापरवाह हरकतें स्वयं की और दूसरों की जान के लिए खतरा हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कृत्य दोहराए जाने पर और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

उपराष्ट्रपति ने संसद भवन स्थित राज्यसभा सचिवालय का निरीक्षण किया

Tue Oct 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने मंगलवार को संसद भवन स्थित राज्यसभा सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। श्री राधाकृष्णन के इस दौरे की जानकारी आधिकारिक एक्स पोस्ट पर दी गयी। इसमें कहा गया है कि श्री राधाकृष्णन राज्यसभा सचिवालय निरीक्षण […]

You May Like