ट्रम्प ने फिर किया दावा भारत नहीं खरीदेगा रूस से तेल

वाशिंगटन 20 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर दोहराया है कि भारत ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह रूस से तेल की खरीद नहीं करेगा और अगर वह खरीद जारी रखता है तो उसे अमेरिका में भारी आयात शुल्क चुकाना होगा।

श्री ट्रम्प अपने विमान एयरफोर्स वन से रवाना होने से पहले संवाददाताओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुये यह जानकारी थी। श्री ट्रम्प ने कहा कि उनकी भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात हुयी है और उन्होंने कहा है कि रूस से तेल की खरीद नहीं की जायेगी।

इस पर संवाददाता ने कहा कि भारत का कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं हुयी है तो श्री ट्रम्प ने इसके उत्तर में कहा, उनको यह विश्वास नहीं है कि ऐसा कहा गया होगा। श्री ट्रम्प ने कहा, “अगर वे ऐसा कहना चाहते हैं तो उनको भारी आयात शुल्क चुकाना होगा और वे ऐसा नहीं करना चाहेंगे।”

गौरतलब है कि श्री ट्रम्प ने गत 15 अक्टूबर को दावा किया था कि भारत ने उनको आश्वास्त किया है कि वह रूसी तेल की खरीद नहीं करेगा।

इससे इतर श्री ट्रम्प ने एक साक्षात्कार में एक बार फिर यह भी दावा किया था कि भारत पाकिस्तान के हालिया संघर्ष को उन्होंने आयात शुल्क लगाने की धमकी दे कर रूकवाया था। अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा, “मैंने जिन आठ युद्धों का जिक्र किया है, उनमें से पाँच आयात शुल्क के कारण ही ख़त्म हुए हैं। उदाहरण के लिए, टैरिफ़ के ख़तरे ने भारत और पाकिस्तान, दो परमाणु संपन्न देशों को, युद्ध करने से रोक दिया। वे युद्ध कर रहे थे। सात विमान मार गिराए गए।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “वे युद्ध कर रहे थे और यह एक परमाणु युद्ध हो सकता था और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अभी-अभी कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा करके लाखों लोगों की जान बचायी है और मैंने भारत – पाकिस्तान से भी लगभग यही कहा। मैंने कहा, देखो, अगर तुम आपस में लड़ोगे, तो मैं तुम्हारे साथ व्यापार नहीं करूँगा।”

गौरतलब है कि भारत स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान के साथ संघर्ष रोकने में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी। इसके अलावा भारत यह भी स्पष्ट कर चुका है कि रूसी तेल खरीद के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की श्री ट्रम्प से कोई बात नहीं हुयी है।

Next Post

यूक्रेन को टॉमहॉक देने का मुद्दा अभी अनसुलझा: जेडी वेंस

Mon Oct 20 , 2025
वाशिंगटन, 20 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यूक्रेन को टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें देने के समझौते पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। रूसी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वेंस ने संवाददाताओं से कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति यह सुनिश्चित करने का […]

You May Like