
सीहोर। प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव शनिवार को जिले की इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिलकीसगंज पहुंचे. यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जिले के दो लाख 5 हजार 977 किसानों के खातों में फसल क्षति राहत राशि के रूप में 118 करोड़ 41 लाख रुपए सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर किए. इसके अलावा उन्होंने 69.38 करोड़ रुपए की लागत के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया.
जिला मुख्यालय के समीप बिलकीसगंज में शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन हुआ. इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सीहोर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, पंकज गुप्ता, सन्नी महाजन एवं सीताराम यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हैलीपेड पर स्वागत किया. ग्राम मेें आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दो लाख से अधिक किसानों के खातों में फसल क्षतिपूर्ति के रूप में 118.41 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी किया. कार्यक्रम के दौरान सीएम ने इछावर नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि देने का ऐलान किया. कई गांवों के लिए कोलार से जलप्रदाय योजना को भी मंजूरी देने की घोषणा की.उन्होंने कुछ गांवों के नाम बदलने की मांग पर भी अपनी स्वीकृति प्रदान की. इसके अलावा उन्होंने करोड़ों रुपए के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी किया.
