
सीधी। शासकीय माध्यमिक विद्यालय चुवाही की पुस्तकों को विद्यार्थियों के माध्यम से वाहन में लोड कराने के मामले में कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुस्तकों को वाहन में लोड कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
आदेश में कहा गया है कि बिना सक्षम अनुमति एवं भौतिक सत्यापन के विद्यालय की उपयोगी व अनुपयोगी पुस्तकों को वाहन में लोड कराना कदाचरण की श्रेणी में आता है। मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित किए गए मनोज कुमार वर्मा का निलंबन अवधि में मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मझौली निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
