
सीधी।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आज जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में पत्रकार वार्ता कर वोट चोरी पर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सीधी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमोड़ी कला की पंचायत स्तरीय मतदाता सूची 2025 में लगभग 110 फर्जी नाम दर्ज पाए गए हैं।
ज्ञान सिंह ने बताया कि यह गंभीर जानकारी पार्टी के सेक्टर अध्यक्ष ऋषभ सिंह (बेटू) द्वारा प्रस्तुत की गई मतदाता सूची से सामने आई है। सूची को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक पंचायत का मामला है, और यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो जिले के अन्य क्षेत्रों में भी व्यापक अनियमितताएँ सामने आ सकती हैं।
ज्ञान सिंह ने कहा कि यह न सिर्फ लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता को भी ठेस पहुँचाता है। हमारे नेता राहुल गांधी पहले ही वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे के माध्यम से इस संकट की चेतावनी दे चुके हैं। आज सीधी जिले की यह घटना उस आशंका को सच साबित कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यह सुनियोजित ढंग से लोकतंत्र पर हमला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि वे शीघ्र ही कलेक्टर सीधी एवं कमिश्नर रीवा को पत्र लिखकर पूरे जिले की मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच की माँग करेंगे, ताकि दोषियों पर सख्त कार्यवाही हो और आगामी चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी हो सकें।कांग्रेस ने इस मुद्दे को जनता से जुड़ा बताते हुए कहा कि फर्जी मतदाता सूची लोकतंत्र के मूलाधार पर हमला है, और इस अन्याय के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रवक्ता पंकज सिंह और ऋषभ सिंह बेटू भी उपस्थित रहे।
