
भोपाल। हबीबगंज थाना क्षेत्र के श्याम नगर मल्टी में शुक्रवार देर रात एक युवक की प्रेम प्रसंग के चलते निर्मम हत्या कर दी गई. शनिवार सुबह पुलिस को शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 25 वर्षीय आशीष ऊइके के रूप में हुई है.
डीसीपी जोन-1 आशुतोष गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है. मृतक के गले और सिर पर धारदार हथियार तथा पत्थर से हमला किए जाने के निशान मिले हैं. हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों रजत सिंह ठाकुर, निखिल यादव और विनय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
जांच में सामने आया है कि मृतक आशीष ऊइके का आरोपी रजत सिंह ठाकुर की मां के साथ प्रेम संबंध था. इसी बात से नाराज होकर रजत ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर आशीष पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है.
