ग्वालियर: आबकारी विभाग की टीम ने भितरवार क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में गुड़ लहान व अवैध मदिरा जब्त की गई है। मदिरा के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा-34 (1) के तहत 8 प्रकरण कायम किए गए हैं। चकमियापुर, कंजर डेरा, गोलपुरा कंजर डेरा, बसई कंजर डेरा व बामरोल में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर 20 हजार किलोग्राम गुड़ लहान व 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की।
इसी तरह बामरोल में देवेन्द्र रावत के रिहायशी मकान से 53 पाव देशी मदिरा मसाला, 55 पाव देशी मदिरा प्लेन, 12 ब्लैक फोर्ट बीयर कैन सहित कुल मिलाकर 32.64 बल्क लीटर मदिरा बरामद की। इसी तरह देवेन्द्र रावत के रिहायशी मकान से 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई। मौके पर गुड़ लहान का सेम्पल लेकर शेष गुड़ लहान को फैलाकर नष्ट किया गया एवं मौके पर कीमती चार स्टील की भट्ठीया बरामद की गयी। नष्ट गुड़ लहान, अबैध मदिरा एवं 4 स्टील की भट्टियों का मूल्य लगभग 22 लाख 20 हजार रुपए आंका गया है। आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क व 49 (क), 34(1)च के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
