फतेहपुर जाकर घड़ियाली आँसू बहा रहे हैं राहुल गांधी: भाजपा

लखनऊ, 17 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी केवल फोटो खिचवाने के लिए फतेहपुर गए थे। वह वहां जाकर केवल घड़ियाली आँसू बहाने का काम कर रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा “ राहुल गांधी जी को शर्म आनी चाहिए। यह फोटो खिंचवाने का कार्यक्रम मात्र है। संबंधित मामले में कई लोगों को गिरफ़्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पीड़ित परिवार की पीड़ा से राहुल जी का कोई लेना देना नहीं है। ये नौटंकी है, घड़ियाली आंसू है, जातीय भावनायें उभारने का प्रयास है। परिवार प्रदेश सरकार की की गई कार्रवाई से संतुष्ट है।”

गौरतलब है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कथित तौर पर भीड़ द्वारा मारे गए फतेहपुर के दलित व्यक्ति के परिवार से मुलाक़ात की थी। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ करीब आधे घंटे तक बातचीत की।

परिवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में जमकर दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। दलित उत्पीड़न के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन पर है। राहुल गांधी ने भाजपा पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए इस घटना को “मानवता, संविधान और न्याय की हत्या” बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि देश में हाशिए पर पड़े समुदायों को सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में भीड़ द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।

घटना के बाद कार्रवाई करते हुए, उत्तर प्रदेश पुलिस ने ऊँचाहार थाना प्रमुख संजय कुमार को हटा दिया था और पाँच अधिकारियों को निलंबित कर दिया था । पुलिस ने इस घटना से जुड़े 10 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

 

Next Post

भिंड से अवैध हथियार खरीदने गए 2 तस्कर दबोचे, हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड

Fri Oct 17 , 2025
भिंड। भिंड से अवैध हथियार खरीदने गये दो तस्करों को खरगौन पुलिस ने 11 अवैध हथियार और 3 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इसके बाद खरगौन के सिगनुर गांव में हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड किया गया। खरगौन एसपी रविन्द्र वर्मा ने बताया है कि भिंड के लोगों से […]

You May Like