इंदौर: तुकोगंज थाना इलाके में बिजली बिल अपडेट न होने और कनेक्शन काटने का डर दिखाकर एक शातिर जालसाज ने पीड़ित के मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर उसका फोन हैक कर लिया और क्रेडिट कार्ड से 78 हजार पार कर दिए।पुलिस के अनुसार, पंचम की फेल निवासी बाबूलाल पिता ओमप्रकाश जोनवाल की शिकायत पर अज्ञात ठग के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
फरियादी बाबूलाल ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि आपका बिजली बिल बकाया है, तुरंत अपडेट और भुगतान न करने पर बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।घबराए पीड़ित ने मैसेज में दी गई लिंक पर जैसे ही क्लिक किया, शातिर ठग ने उनके मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उनके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय डिटेल्स में सेंधमारी करते हुए 78 हजार 989 रुपए की ऑनलाइन चपत लगा दी।जैसे ही मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आए, बाबूलाल के होश उड़ गए। तुकोगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
