मंत्रिमंडल फेरबदल: मुख्यमंत्री पटेल को छोड़कर गुजरात के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

गांधीनगर, 16 अक्टूबर (वार्ता) गुजरात मंत्रिपरिषद का शुक्रवार को विस्तार होगा और इसके मद्देनजर राज्य के सभी मंत्रियों ने आज अपने इस्तीफे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को सौंप दिये।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार नये मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार पूर्वाह्न 1130 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में होगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे।

गुजरात भारतीय जनता पार्टी के मीडिया संयोजक यज्ञेश दवे ने ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। इनमें आठ कैबिनेट और आठ राज्य मंत्री हैं।

कैबिनेट मंत्रियों में केशुभाई देसाई, रुशिकेश पटेल, राघवजीभाई पटेल, बलवंत सिंह राजपूत, कुंवरजीभाई बावालिया, मनुभाई बेरा, डॉ कुंवरभाई डिंडोर तथा श्रीमती भानुबेन बावरिया शामल हैं।

इस्तीफा देने वाले राज्य मंत्रियों के नाम हर्ष सांघवी, जगदीशभाई पंचाल,परषोत्तमभाई सोलंकी, बच्चूभाई खाबाद, मुकेशभाई पटेल, प्रफुल्लभाई पनशेरिया,भीकूसिंह जी परमार तथा कुंवरजीभाई हलपति हैं।

विधानसभा की कुल सदस्य संख्या को देखते हुए गुजरात में मुख्यमंत्री को मिलाकर 27 मंत्री हो सकते हैं। राज्य में मौजूदा सरकार 2022 में बनी थी और उसके बाद से मंत्रिपरिषद में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

माना जा रहा है कि इस विस्तार में मंत्रियों की संख्या 25 तक बढ़ायी जा सकी है। इस कवायद को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

Next Post

अटल पार्क के संचालन निविदा स्वीकृत अनुमोदन के साथ कई प्रस्तावों पर लगी मोहर

Thu Oct 16 , 2025
रीवा। नगर पालिक निगम रीवा के मेयर-इन-काउंसिल की बैठक महापौर अजय मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. बैठक में चर्चा उपरांत कई प्रस्तावों पर निर्णय लिये गए जिनमें नगर पालिक निगम रीवा की पुर्नघनत्वीकरण योजनांर्गत निर्मित अटल पार्क के संचालन संधारण कार्य के निविदा स्वीकृति का अनुमोदन किया गया. लीज […]

You May Like