सीधी:सेवा, सम्मान और जनभागीदारी की भावना से गुरुवार शाम सीधी जिला दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामाजिक एकजुटता और सेवा भावना का संदेश दिया। शाम 7 बजे जिले के प्रमुख स्थलों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तथा ग्राम पंचायतों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
पूजा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ राजेश मिश्रा, विधायक सीधी रीती पाठक, कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। इस अवसर पर पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण में सेवा एवं सामाजिक सहभागिता की भावना दिखाई दी।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों और युवाओं ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर यह संदेश दिया कि समाज की सकारात्मक शक्ति जनभागीदारी से और अधिक मजबूत होती है। पूजा पार्क सहित जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर सेवा, सम्मान और सामाजिक सहभागिता की भावना को अभिव्यक्त किया। विभिन्न स्थानों पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बनाया।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने वाला जनभागीदारी का आयोजन बना। दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, सम्मान, सद्भाव और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया।
