सागर: बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल नगर कॉलोनी में गरीब परिवारों के लिए बनाए गए 1248 आवासों में अनियमितताओं की शिकायतों पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सोमवार को पुलिस बल और अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण कर आवासों की जांच की।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नगर निगम के टैक्स कलेक्टर शिवकुमार प्यासी और सफाई दरोगा गोपाल रैकवार ने अपने-अपने नाम पर आवास लेकर उन्हें किराए पर दे रखा था। आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में बड़ी संख्या में आवास किराए पर या अवैध रूप से बेचे जाने की जानकारी मिली। निगमायुक्त ने ऐसे सभी आवासों को सील कर “अपात्र” लिखवाते हुए निगम के कब्जे में लेने की कार्रवाई की और आवंटन निरस्त करने के आदेश दिए।खत्री ने स्पष्ट कहा कि यह कॉलोनी गरीब परिवारों को आवास देने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन कई अनाधिकृत व्यक्तियों ने कब्जा कर लिया है। अब पात्र किराएदारों को निर्धारित राशि जमा करने पर आवास आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने रहवासियों से अपील की कि किसी को किराया न दें, यह नगर निगम की संपत्ति है।जल्द ही निगम द्वारा शिविर आयोजित कर पात्र निवासियों से राशि जमा कराने, आवास आवंटन और विद्युत कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
