भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री को बधाई दी और कहा कि प्रस्तुत बजट विकसित भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता किसानों और महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है तथा इसकी दिशा और लक्ष्य भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की ओर अग्रसर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन देने, भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने तथा फार्मा सेक्टर सहित विभिन्न उद्योगों के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वस्त्र उद्योग और पीएम मित्रा पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स से मध्यप्रदेश को विशेष लाभ मिलेगा और लाखों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास के लिए 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान, छोटे शहरों और तीर्थ स्थलों के विकास, प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास निर्माण तथा बुजुर्गों के उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं नारी सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता करना, जिला अस्पतालों के उन्नयन और आयकर प्रक्रिया को सरल बनाना आम नागरिकों के लिए राहत देने वाला निर्णय है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने, पुरातात्विक स्थलों को विकसित करने और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत करने के लिए किए गए प्रावधान देश की प्राचीन विरासत को नई पहचान देंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस बजट से देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रदेश की नौ करोड़ जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
