
शिवपुरी। कल 12 अक्टूबर को शिवपुरी में कांग्रेस एक बार फिर शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में गांधी पार्क मैदान में “किसान न्याय यात्रा, वोट चोरी गद्दी छोड़ – हल्ला बोल” के तहत आमसभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा।आमसभा से पहले जिला कांग्रेस के नए कार्यालय का भी शुभारंभ किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि यह शिवपुरी जिले में उनके नेतृत्व में कांग्रेस का पहला बड़ा आयोजन होगा। आमसभा को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री केपी सिंह कक्काजू, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह और जिला प्रभारी विधायक पंकज उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। कांग्रेस के कार्यकर्ता गुना बायपास स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से खुली जीपों में सवार होकर रैली निकालेंगे। यह रैली एबी रोड, झांसी तिराहा, गुरुद्वारा और माधव चौक होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी।
