सीवरेज लाइन की समस्या से जूझ रहे राज मोहल्ला रहवासी

इंदौर: शहर में सीवरेज लाइन को लेकर बड़े-बड़े प्रोजेक्ट लाए गए, लेकिन आज भी कॉलोनियों और बस्तियों में सीवरेज लाइन की समस्या बरकरार है. लाख कोशिशों और करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद इस समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है. बार-बार सीवरेज लाइन चोक हो जाती है और चैंबर ओवर फ्लो हो जाते हैं, जिससे नागरिकों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है.

यह समस्या यूं तो शहर की अनेक बस्तियों में मौजूद है, लेकिन राज मोहल्ला क्षेत्र के रहवासी सीवरेज की समस्या से बहुत पीड़ित हैं. राज मोहल्ला क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 70 र्में के आदर्श इंदिरा नगर एवं पंचमूर्ति नगर पहुंचने पर कई छोटी और बड़ी गलियां दिखाई दी. तंग बस्ती होने के साथ इन दोनों क्षेत्रों में लंबे समय से सीवरेज की समस्या बनी हुई है. यहां के रहवासियों के अनुसार क्षेत्र में बार-बार सीवरेज लाइन चोक हो जाती है और चैंबर ओवर फ्लो हो जाते हैं.

इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रहवासियों के मुताबिक, क्षेत्र में बैक लाइन की भी गंदगी सड़कों पर बहकर जमा हो जाती है. इससे गंदगी की भरमार बनी रहती है. गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है. इससे लोग मच्छर जनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. खासकर छोटे बच्चे सबसे ज्यादा पीड़ित हो रहे हैं. बैक लाइन और सीवरेज लाइन की समस्या से निजात पाने के लिए क्षेत्रवासियों ने कई बार झोन अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आज तक इसका निराकरण नहीं किया गया. परिणामस्वरूप यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है.
इनका कहना है
क्षेत्र में अधिकतर बैक लाइन में कचरा पड़ा रहता है. नियमित तौर से उसकी सफाई नहीं की जाती, नतीजतन बरसात होते ही सारी गंदगी सड़कों पर आ जाती है.
– लक्ष्मी शर्मा, रहवासी
गंदगी के अलावा असामाजिक तत्व, खासकर नशा करने वालों का भी गलियों में जमावड़ा लगा रहता है. सीवरेज लाइन और बैक लाइन की नियमित सफाई होनी चाहिए. शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नहीं देता.
– डॉली प्रजापति, रहवासी
गंदगी की समस्या बढ़ती जा रही हैं, इससे बीमारी भी फैल रही है. बच्चों पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है. क्षेत्र गंदा भी दिखता है. सड़कों पर फैली गंदगी से आने-जाने में लोगों को भारी दिक्कत होती है.
– घणी बाई, रहवासी
जल्द ही नई लाइन डल जाएगी
क्षेत्र के लोगों को भी जागरूकता का परिचय देना चाहिए. लोग स्वयं ही बैक लाइन में कचरा फैंकते हैं. क्षेत्र की सीवरेज लाइन पुरानी है, इसे बदलना शुरू कर दिया है. जल्द ही पूरे क्षेत्र में सीवरेज की नई लाइन डल जाएगी, जिससे समस्या खत्म हो जाएगी.
– भरत सिंह रघुवंशी, पार्षद

Next Post

टेनेसी के गोला-बारूद कारखाने में विस्फोट के बाद 19 लोग लापता

Sat Oct 11 , 2025
नैशविले, 11 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के टेनेसी राज्य के बक्सनॉर्ट स्थित एक सैन्य विस्फोटक निर्माण संयंत्र में शुक्रवार को हुए विस्फोट के बाद 19 लोग लापता हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, हम्फ्रीज़ काउंटी के शेरिफ क्रिस डेविस ने कहा कि भीषण विस्फोट के बाद चार-पाँच लोगों को पास के […]

You May Like