बगराम एयर बेस किसी को नहीं देगा अफगानिस्तान : अफगानिस्तान के विदेश मंत्री

नयी दिल्ली 10 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के अफगानिस्तान में बगराम एयरबेस को वापस लेने के प्रयासों की रिपोर्टों के बीच अफगानिस्तान ने स्पष्ट किया है कि वह यह एयरबेस किसी को नहीं देगा। भारत यात्रा पर आये अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने शुक्रवार को यहां अफगानिस्तान के दूतावास में एक संवाददाता सम्मेलन में बरगाम एयर बेस से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि अफगानिस्तान के लोगों ने कभी भी सैन्य दखल को कबूल नहीं किया है और यदि किसी देश को उनके साथ संबंध बनाने हैं तो वह राजनयिक माध्यम से संबंध बना सकता है।

उन्होंने कहा , ” बगराम के बारे में हमारा कहना है कि अफगानिस्तान की तारीख गवाह है कि अफगानिस्तान में कभी भी लोगों ने मिलिट्री को कबूल नहीं किया है। अफगानिस्तान एक आजाद और खुद मुख्तार मुल्क है और अगर किसी की इच्छा है कि हमारे साथ ताल्लुकात चाहिए तो राजनयिक मिशन के माध्यम से ऐसा हो सकता है, लेकिन मिलिट्री की यूनिफार्म में हमको यह कबूल नहीं है। ”

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि अमेरिका अफगानिस्तान में बगराम एयर बेस को वापस लेगा। यह एयरबेस आतंकवादी नेटवर्क से लड़ने के लिए अमेरिका ने ही बनाया था लेकिन बाद में उसने इसे खाली कर दिया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या आप यह सुनिश्चित करेंगे कि पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों के माध्यम से आपकी जमीन का भारत के खिलाफ इस्तेमाल नहीं करे, उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता क्योंकि वहां हमारी मजबूत सरकार है। उन्होंने कहा , ” वो तो कर नहीं सकता है । अफगानिस्तान में हमारी सरकार है जो बेहद मजबूत है।”

Next Post

दिल्ली थोक बाजार में गेहूँ, चावल, खाद्य तेलों में तेजी

Fri Oct 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) थोक जिंस बाजार में शुक्रवार को गेहूँ, चावल और खाद्य तेलोें में मांग के समर्थन से तेजी का रुख रहा, जबकि दाल-दलहनों में मिले-जुले रुख के बीच मूंग और मसूर के भाव चढ़ गए थे। बाजार में चीनी और गुण में भी हल्की तेजी दर्ज […]

You May Like