आज मनेगी करवा चौथ, पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनें रखेंगी व्रत

*बाड़ा व सराफा सहित बाजारों में उमड़ी भीड़, आज बनेंगे कई शुभ संयोग*

ग्वालियर। सुहागिनों का पर्व करवा चौथ आज शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखेगी और रात्रि में चंद्रदेव के दर्शन के बाद पति के हाथों व्रत का पारायण करेगी। इस बार करवा चौथ पर ग्रह नक्षत्रों के मेल से कई शुभ संयोग रहेंगे। शुक्रवार का दिन होने से सुख समृद्धिदायक होगा, साथ ही शुभ योग भी रहेगा।

करवा चौथ को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। महाराज बाड़ा, लश्कर मुरार एवं उपनगर ग्वालियर के सराफा बाजारों आदि जगह खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ज्वैलरी, साड़ियों से लेकर श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। इस पर्व को लेकर महिलाओं द्वारा विशेष तैयारियां की गई है। करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए व्रत रखेगी। पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर शाम को चंद्रोदय के समय महिलाएं चंद्रदेव को अर्घ्य देकर पूजा अर्चना करेगी। छलनी से पहले चंद्रदेव के दर्शन करेगी, उसके बाद पतिदेव के दर्शन कर पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद पति के हाथों से निर्जला व्रत खोलेगी।

*ग्वालियर में कब दिखेगा करवा चौथ का चांद*

करवा चौथ पर चंद्रमा के दर्शन रात्रि 8:10 से 8.25 बजे के बीच होंगे। इस बार करवा चौथ पर ग्रह नक्षत्रों का मेल कई शुभ संयोग बनाएगा। शाम 7:38 बजे तक शुभ योग रहेगा। शुक्रवार का दिन होने से यह दिन विशेष होगा। ज्योतिषाचार्य पं. नरेन्द्रनाथ पाण्डेय ने बताया कि शुक्र को सौंदर्य, सुख, समृद्धि का कारक माना गया है। साथ ही इस दिन सूर्य चित्रा नक्षत्र में और चंद्रदेव रोहिणी नक्षत्र में गोचर करेंगे। यह भी एक दुर्लभ संयोग है। वैवाहिक सुख और शांति के कारक चंद्रमा, और पति-पत्नी के समान के कारक सूर्य का शुभ प्रभाव करवा चौथ व्रत के महत्व को और बढ़ा रहा है। रोहिणी नक्षत्र, वृषभ राशि में उच्च चंद्रमा और शुभ योग यह तीनों मिलकर सौभाग्य और चंद्र शक्ति को पूर्णता प्रदान करते हैं।

Next Post

दीपिका पादुकोण ने सौंसर में ग्रामीण मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का किया अवलोकन

Thu Oct 9 , 2025
सौंसर। प्रसिद्ध अभिनेत्री और द लिव लव लाफ फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका पादुकोण ने गुरुवार को सौंसर क्षेत्र के बेलगांव और बोरगांव में ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा संचालित सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का अवलोकन किया। उन्होंने इन पहलों को प्रेरणादायक और समाज में बदलाव लाने वाला बताया। दीपिका […]

You May Like