
सौंसर। प्रसिद्ध अभिनेत्री और द लिव लव लाफ फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका पादुकोण ने गुरुवार को सौंसर क्षेत्र के बेलगांव और बोरगांव में ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा संचालित सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का अवलोकन किया। उन्होंने इन पहलों को प्रेरणादायक और समाज में बदलाव लाने वाला बताया।
दीपिका पादुकोण के साथ फाउंडेशन की सीईओ अनिशा पादुकोण, ट्रस्टी डॉ. श्याम भट, संस्थान के संस्थापक श्यामराव धवले, निदेशक विजय धवले सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और देखभालकर्ता उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान दीपिका ने बोरगांव में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे दो व्यक्तियों और उनके परिवारों से भेंट की और उनके अनुभव, चुनौतियाँ और संस्थान से मिले सहयोग के बारे में जाना। इसके बाद उन्होंने बेलगांव स्थित संस्थान कार्यालय में मानसिक रोगी देखभालकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं से संवाद किया, जिन्होंने बताया कि वे कैसे समुदाय में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और स्वीकार्य बना रहे हैं।
संस्थान द लिव लव लाफ फाउंडेशन के सहयोग से ग्रामीण समुदायों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने, जागरूकता बढ़ाने और मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। निदेशक विजय धवले ने कहा कि दीपिका पादुकोण का यह दौरा संस्था के काम के लिए प्रेरणा है और इससे यह संदेश मजबूत होता है कि मानसिक स्वास्थ्य का उपचार समाज के हर वर्ग तक पहुँचना चाहिए, खासकर ग्रामीण और आदिवासी समुदायों तक।
गौरतलब है कि लिव लव लाफ फाउंडेशन वर्तमान में देश के सात राज्यों के 20 जिलों में सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम चला रहा है, जिसके माध्यम से हजारों लोगों को परामर्श, उपचार और जागरूकता सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
