पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच लड़ाकों के हमलों में 10 सुरक्षाकर्मी और 70 लोग मारे गये

इस्लामाबाद, (वार्ता) दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की ओर से किये गये हमलों में कम से कम 10 पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तथा 70 से ज़्यादा लोग मारे गए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रांत भर में 12 से ज़्यादा जगहों पर हुए हमलों में अब तक कम से कम 10 पुलिस और सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। वहीं, सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 50 से ज़्यादा बलूच लड़ाकों के मारे जाने की खबर है।

गौरतलब है कि ये हमले पाकिस्तान सेना द्वारा बलूचिस्तान में 41 आतंकवादियों के मारे जाने की घोषणा के एक दिन बाद हुआ है। बलूचिस्तान पाकिस्तान का एक गरीब प्रांत है जो लगातार हिंसा के कारण अक्सर अस्थिर रहता है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ये हमले क्वेटा, तटीय ग्वादर, पसनी, मस्तुंग और नुश्की सहित कई इलाकों में हुए, जिसके बाद सेना, पुलिस और आतंकवाद विरोधी इकाइयों ने स्थिति को नियंत्रित करने और लक्षित क्षेत्रों को सुरक्षित करने के लिए गहन अभियान चलाए।

सुरक्षा बलों ने कई हमलों को नाकाम कर दिया, लेकिन हिंसा से बड़े पैमाने पर तबाही हुई, जिससे रेल सेवा निलंबित हो गई, मोबाइल फोन सेवाएं बाधित हुईं और कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया।

प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार बलूच लड़ाकों ने एक थाने पर हमला करने और हथियार और गोला-बारूद लूट लिये। बाद में मस्तुंग में 30 कैदियों को रिहा कर दिया। नुश्की में एक स्थानीय अधिकारी का अपहरण की भी खबर है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उसने सैन्य और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया और सेना की प्रतिक्रिया में देरी करने के लिए राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया।

Next Post

न्यायाधीश ने बंदियों की समस्याएं सुन किया निराकरण

Sun Feb 1 , 2026
सीहोर। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र आर्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वप्नश्री सिंह ने जिला जेल का निरीक्षण किया. इस अवसर पर जेल में विधिक साक्षरता शिविर भी आयोजित किया गया. उन्होंने सजायाफ्ता बंदियों के अभिलेखों का अवलोकन किया और […]

You May Like