पद्म पुरस्‍कारों के लिए 31 जुलाई तक किये जा सकते हैं नामांकन

नयी दिल्ली 11 अप्रैल (वार्ता) देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मानों में शामिल पद्म पुरस्‍कारों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर आगामी 31 जुलाई तक ऑनलाइन नामांकन और सिफारिशें की जा सकती हैं।

गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि अगले वर्ष गणतंत्र दिवस पर घोषित किये जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए नामांकन की प्रक्रिया गत 15 मार्च से जारी है।

पद्म पुरस्‍कार यानी पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मानों में शामिल हैं और इनकी शुरूआत वर्ष 1954 में की गयी थी। ये पुरस्‍कार विभिन्न श्रेणियों में ‘उत्‍कृष्‍ट कार्य’ के लिए दिये जाते हैं। पद्म पुरस्‍कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि जैसे क्षेत्रों तथा विषयों में विशिष्‍ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाते हैं। सभी व्यक्ति जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। चिकित्‍सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्‍य सरकारी सेवक, जिनमें सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले सरकारी सेवक भी शामिल है, पद्म पुरस्‍कारों के पात्र नहीं हैं।

सरकार पद्म पुरस्‍कारों को “ जन पद्म” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अत: सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे नामांकन और सिफारिशें करें। नागरिक स्‍वयं को भी नामित कर सकते हैं। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांग व्यक्तियों और समाज के लिए निस्वार्थ सेवा कर रहे लोगों में से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के ठोस प्रयास किए जा सकते हैं जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में पहचाने जाने योग्य हैं।

नामांकन करते समय प्रारूप में निर्दिष्ट सभी प्रासंगिक विवरण शामिल होने चाहिए, जिसमें वर्णनात्मक रूप में एक उद्धरण (अधिकतम 800 शब्द) शामिल होना चाहिए, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र/अनुशासन में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया हो।

नामांकन गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर ‘पुरस्‍कार और पदक’ शीर्षक के अंतर्गत और पद्म पुरस्‍कार पोर्टल के माध्यम से किये जा सकते हैं।

 

 

 

Next Post

ऑस्ट्रिया के संघीय वित्त मंत्री से मिली सीतारमण

Fri Apr 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वियना में ऑस्ट्रिया के संघीय वित्त मंत्री मार्कस मार्टरबाउर से मुलाकात की और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया। वित्त मंत्रालय ने कल देर रात ‘एक्स’ पर यह जानकारी दी और कहा कि श्री मार्टरबाउर ने ऑस्ट्रिया और भारत […]

You May Like

मनोरंजन