
इंदौर. इंदौर और आसपास के रेल प्रोजेक्टों की समीक्षा को लेकर बुधवार को रेसीडेंसी कोठी में हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर और सांसदों ने अफसरों को निर्माण कार्य की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए. बैठक में इंदौर-दाहोद रेल लाइन, धार रेलवे स्टेशन, इंदौर रेलवे स्टेशन पुनर्निर्माण और लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन सहित अन्य परियोजनाओं पर चर्चा हुई.
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने इंदौर-दाहोद रेल लाइन और धार रेलवे स्टेशन के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विकास से जुड़े इन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने बैठक में खरगोन-खंडवा-अलीराजपुर रेलवे लाइन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह रेल लाइन आदिवासी अंचल की जीवनरेखा बनेगी. इसके पूरा होने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी. सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर रेलवे स्टेशन पुनर्निर्माण की धीमी गति पर सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि क्या निर्माण कार्य तीन साल में पूरा हो पाएगा, क्योंकि सिंहस्थ मेले के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी. इस पर अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन की पुरानी बिल्डिंग तोड़ने का काम चल रहा है. मुख्य हिस्से का निर्माण मेले से पहले पूरा कर लिया जाएगा ताकि ट्रेनों के संचालन में बाधा न आए. अधिकारियों ने बताया कि लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का काम तब तक पूरा हो जाएगा, जिससे वहां से उज्जैन के लिए ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा. सांसद लालवानी ने यह भी सुझाव दिया कि रीगल ब्रिज के अलावा एक नया ब्रिज भी बनाया जाए, ताकि भविष्य में रेलवे स्टेशन का विस्तार पार्क रोड चौराहे तक होने पर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो. उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन के निर्माण के साथ ही इस पुल की प्लानिंग कर ली जाए. बैठक में रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रोजेक्टों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और कहा कि कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
