वाराणसी, 4 सितंबर (वार्ता) वाराणसी जंक्शन स्टेशन परिसर और रेलवे कॉलोनी में भिक्षावृत्ति रोकने के लिए गुरुवार को समाजसेवी संस्था अपनाघर आश्रम, वाराणसी के प्रतिनिधि डॉ. कुमार निरंजन और रवि उपाध्याय ने स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के साथ संयुक्त चर्चा की।
इस दौरान रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से भिक्षावृत्ति रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और भिक्षुकों को अपना घर आश्रम ले जाने के लिए विशेष अभियान शुरू करने पर विचार-विमर्श किया गया।
जागरूकता अभियान के तहत अपनाघर आश्रम ने स्टेशन परिसर में आम लोगों को भिक्षावृत्ति के खिलाफ जागरूक करने के लिए बड़े बैनर और पोस्टर लगाने का अनुरोध किया, जिसे नियमानुसार कार्यवाही के बाद लागू किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, अपनाघर आश्रम और रेल सुरक्षा बल की संयुक्त टीम द्वारा वाराणसी जंक्शन स्टेशन और रेलवे कॉलोनी से भिक्षुकों को आश्रम ले जाने पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर रेल सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव भी मौजूद रहे।
