सिंगरौली: बैढ़न के गनियारी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कई पेट्रोल पंप उपभोक्ताओं को अनिवार्य सुविधाएं देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। शुद्ध पेयजल, साफ शौचालय और मुफ्त हवा जैसी सुविधाएं या तो उपलब्ध नहीं हैं, या फिर हमेशा खराब होने का बहाना बनाकर उपभोक्ताओं को लौटा दिया जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गनियारी स्थित फिलिंग स्टेशन समेत कई पंपों पर पानी और हवा की सुविधा महीनों से बंद पड़ी है।
शिकायत करने पर पंप संचालक मशीन खराब है या मरम्मत जारी है, जैसी दलील देकर मामले को टाल देते हैं। वहीं, जिम्मेदार विभाग खाद्य अमला और तेल एजेंसियां इस लापरवाही पर पूरी तरह मौन हैं।नियमों के अनुसार प्रत्येक पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, वाहनों के लिए मुफ्त हवा, फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत पुस्तिका, अग्निशमन यंत्र और बिल उपलब्ध कराना अनिवार्य है। लेकिन हकीकत यह है कि अधिकांश पंपों पर इन सुविधाओं का अभाव है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।स्थानीय नागरिकों की मांग है कि प्रशासन शीघ्र जांच कर दोषी संचालकों पर कार्रवाई करे और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करे।
