दिल्ली भाजपा ने ममता सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को यहां बंग भवन के सामने प्रदर्शन करते हुये पार्टी सांसद खगेन मुर्मु तथा उनके सहयोगियों पर हमले को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की।

दिल्ली भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस प्रदर्शन में श्री सचदेवा के अलावा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजकुमार भाटिया, सांसद योगेंद्र चंदोलिया सहित अन्य नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस मौके पर श्री सचदेवा ने कहा कि हर राज्य में विभिन्न राजनीतिक दल काम करते हैं लेकिन पिछले कुछ दिनों में जिस तरह का घटनाक्रम पश्चिम बंगाल में चल रहा है वह चिंताजनक है। तुष्टिकरण और हिंसा तृणमूल कांग्रेस का धंधा बन गया है। बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों में राहत सामग्री और निरीक्षण कर रहे भाजपा सांसद पर जिस प्रकार से हमला किया गया है वह काफ़ी दर्दनाक है। सुश्री बनर्जी को यह रास नहीं आ रहा है कि भाजपा नेता लोगों की समस्याओं में साथ खड़े हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज दिल्ली का यह प्रदर्शन इस बात का सबूत है कि दिल्ली की जनता पश्चिम बंगाल के उस जनता के साथ खड़ी है जो राज्य की ममता सरकार से परेशान है। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी से मुक्ति चाहती है और इस बार के चुनाव में वह परिवर्तन साफ़ होने वाला है।

इस दौरान श्री चंदोलिया ने कहा कि सुश्री बनर्जी की सरकार में चुन चुन कर भाजपा नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल की जनता भी अब ममता सरकार से परेशान हो गई है। साल 2011 से लेकर अब तक ममता सरकार ने सिर्फ एक विशेष वर्ग की राजनीति के लिए पूरे पश्चिम बंगाल को बर्बाद करने का काम किया है।

 

 

Next Post

मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र, जनसेवा को समर्पित: शाह

Tue Oct 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार में रह कर जनसेवा करते हुए 24 साल के जीवन को राष्ट्र और जनसेवा के प्रति समर्पित बताया। श्री शाह ने सोशल मीडिया एक्स के अपने पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी का […]

You May Like