इंदौर :शहर में मानसून की दस्तक के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और सुहावने मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। बारिश के चलते जहां शहर के जलाशयों और हरियाली में नई ताजगी दिखाई देने लगी है, वहीं बाजारों में भी बारिश से जुड़े सामानों की खरीदारी तेज हो गई है।इंदौर के राजवाड़ा, मालवा मिल, जेल रोड, एमटीएच मार्केट और अन्य प्रमुख बाजारों में रेनकोट, छतरियां, वाटरप्रूफ बैग कवर, गमबूट्स और रेन प्रोटेक्शन से जुड़े उत्पादों की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है।
दुकानों पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए नए-नए डिजाइनों वाले रेनकोट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। इस वर्ष ट्रांसपेरेंट, रंग-बिरंगे, फोल्डेबल और फैशनेबल रेनकोट सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं।व्यापारियों का कहना है कि मानसून की शुरुआत के साथ ही बिक्री में तेजी आई है और आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने के साथ मांग और बढ़ने की उम्मीद है. स्कूल-कॉलेज खुलने के कारण अभिभावक अपने बच्चों के लिए रेनकोट और मजबूत छतरियां खरीद रहे हैं ताकि बारिश के दौरान उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
व्यापारी शांतनु साहू ने बताया कि बाजार में साधारण छतरियों से लेकर ऑटोमैटिक और विंडप्रूफ छतरियों तक की अच्छी मांग है. वहीं युवाओं में आकर्षक प्रिंट और आधुनिक डिजाइनों वाले रेनकोट लोकप्रिय हो रहे हैं. कई दुकानदारों ने ग्राहकों की सुविधा के लिए नए कलेक्शन और विशेष छूट भी उपलब्ध कराई है. बारिश के मौसम ने जहां लोगों को राहत दी है, वहीं शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ा दी है. मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते व्यापारियों को इस सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद है
