विपक्ष अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने में माहिर है: मोदी

नयी दिल्ली 05 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्तारूढ राजष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संसदीय दल की मंगलवार की बैठक में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विपक्ष के रवैये पर निशाना साधा है और कहा है कि विपक्ष खुद ही अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने में माहिर है।

संसद भवन परिसर में मंगलवार को आयोजित इस बैठक में ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव की सफलता के लिए श्री मोदी का अभिनंदन किया गया । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री को पुष्प हार पहनाया और सांसदों ने ‘हर-हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस बैठक में मीडिया को निमंत्रण नहीं मिला था।

राजग के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान कहा, “संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करके विपक्ष ने गलती की। इससे उनकी ही फजीहत हुयी है। विपक्ष अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने में माहिर है। विपक्ष रोज ऐसी चर्चा कराये, हम इस फील्ड में माहिर हैं।”

श्री मोदी ने बिना नाम लिये लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि वह बचकानी बात करते हैं, लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि चीन के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय द्वारा लगायी गयी फटकार से बड़ी फजीहत और क्या हो सकती है।

उन्होंने कहा, “बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। देश की जनता सब देख रही है।” इस दौरान उन्होंने मंत्रिमंडल के सहयोगी श्री अमित शाह की सराहना की जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में अब सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले केंद्रीय गृह मंत्री हैं।

बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव भी पास किया गया। इसमें कहा गया कि भारत की सैन्य शक्ति और मजबूत नेतृत्व के जरिए इंसाफ हुआ है। भारत आतंकवाद को न तो भूलता है और न ही कभी माफ करता है।

इस अवसर पर राजग के सांसदों को मोदी सरकार के 11 साल के कार्यकाल पर ’11 साल,11 बड़े फैसले’ शीर्षक वाली किताब भेंट की गयी। संसद के मानसून सत्र के दौरान राजग सांसदों की यह पहली बैठक थी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर संसद में विपक्ष की ओर से लगतार हंगामे और नौ सितम्बर को होने वाले उप राष्ट्रपति पद के चुनाव जैसे मुद्दों के मद्देनजर यह बैठक विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।

 

 

Next Post

भारत और फिलीपींस के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर

Tue Aug 5 , 2025
नई दिल्ली 05 अगस्त (वार्ता) भारत और फिलीपींस ने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत बनाने और उन्हें सामरिक साझेदारी में बदलने के उद्देश्य से मंगलवार को चार बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की यात्रा पर आये फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और […]

You May Like