
मंदसौर। मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध लदुसा नरेश भगवान श्री लक्ष्मीनारायण (सांवरिया सेठ) मंदिर में शुक्रवार को मंदिर समिति द्वारा दानपात्र खोले गए। दानराशि की गणना के बाद कुल 9 लाख 70 हजार 10 रुपये की नकद राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित विदेशी मुद्रा तथा सोने-चांदी के आभूषण भी दान में मिले। मंदिर समिति के अनुसार, प्राप्त नकद राशि विधिवत बैंक खाते में जमा करा दी गई है।
मंदिर ट्रस्ट के पं. महेश व्यास ने बताया कि शनिवार, 10 अक्टूबर को अमावस्या के अवसर पर भगवान सांवरिया सेठ का पारिजात के सुगंधित फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर महाआरती के साथ महाप्रसादी का वितरण भी होगा। आयोजन में महाआरती एवं महाप्रसादी के मुख्य लाभार्थी ग्राम रिच्छाबच्चा निवासी रामकन्या बाई, घनश्याम परिहार और दिलीप परिहार हैं। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर दर्शन, महाआरती और महाप्रसादी का लाभ लेने का आग्रह किया है।
प्रवेश द्वार निर्माण को गति
मंदिर के विकास कार्यों के तहत नगर के मुख्य मार्ग पर बन रहे भव्य प्रवेश द्वार के ऊपर तोरण द्वार की स्थापना कर दी गई है। इसके लिए विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। मंदिर समिति का प्रयास है कि जनवरी 2027 में प्रस्तावित वार्षिकोत्सव से पहले प्रवेश द्वार का निर्माण पूरा कर लिया जाए, ताकि वार्षिकोत्सव में आने वाले श्रद्धालु इसकी भव्यता देख सकें।
दानपात्र खोलने और धार्मिक आयोजन के अवसर पर मंदिर के पुजारी भगवान दास बैरागी, पूनमचंद धाकड़, रामचंद्र वीर, रमेश गौवरी, शिवलाल आर्य, जगदीश टेलर, राजू रावत सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
