
मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को भानपुरा आईटीआई में उद्यम संवाद आयोजित हुआ। इसमें गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, कलेक्टर दिव्यांक सिंह और जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। शासन की योजनाओं से उद्यम स्थापित करने वाले हितग्राहियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि जिले में कृषि के साथ नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को फसल उत्पादन तक सीमित न रखकर कृषि आधारित व्यवसायों से जोड़ने की योजना है। ‘एक ग्राम, एक उद्यम’ के तहत गांवों को चिह्नित किया गया है और जिले की 350 से अधिक ग्राम पंचायतों में योजनाओं की मदद से उद्यम संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लहसुन, संतरा, गाजर और पान जैसी स्थानीय फसलों पर आधारित प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएंगी। उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने की व्यवस्था कर किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने का प्रयास होगा। विधायक ने कहा कि सरकार किसान उद्यमियों को हरसंभव सहयोग दे रही है।
संवाद में ब्लूबेरी उत्पादक डॉ. गौतम सिंह धाकड़, आइसक्रीम इकाई संचालक पंकज सोनी, मावा इकाई संचालक शिवराज सिंह और अश्वगंधा उत्पादक नंदकिशोर धाकड़ ने अनुभव साझा किए। ओमप्रकाश पाटीदार को ऑयल प्लांट के लिए 8.33 लाख रुपये, संगीता मेघवाल व अर्पिता को सिलाई के लिए 50-50 हजार रुपये तथा रीना सोनी और ममता को मनिहारी दुकान व पशुपालन के लिए एक-एक लाख रुपये के स्वीकृति पत्र दिए गए। अधिकारियों ने विभिन्न गांवों में जनसंवाद कर समस्याएं भी सुनीं।
