
मनासा। मंगलवार सुबह कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम मोकड़ी में उस समय हृदय विदारक हादसा हो गया जब 17 वर्षीय बिंदिया पिता राधेश्याम बंजारा की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिंदिया सुबह घर के काम के लिए निकली थी, इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गई।
आसपास मौजूद लोगों ने जब शोर सुना तो वे मौके पर पहुंचे और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मनासा अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह हादसा दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामवासियों ने बताया कि बिंदिया मिलनसार और हंसमुख स्वभाव की बालिका थी। उसकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोकड़ी गांव में सन्नाटा पसर गया है।
