नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार में रह कर जनसेवा करते हुए 24 साल के जीवन को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अनुकरणीय बताया है।
श्री नड्डा ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन मां भारती की सेवा करते हुए 24 साल पूरा हुआ है। यह भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता से लेकर देश के प्रधानसेवक के रूप में मोदी जी की यात्रा के 24 वर्ष “सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रोत्थान” के अनुकरणीय उदाहरण हैं।
श्री नड्डा ने कहा कि श्री मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प की सिद्धि के लिए करोड़ों वंचितों के उत्थान, देश की सामरिक सुरक्षा के साथ वैश्विक पटल पर भारत को नई पहचान दिलाई है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने पर वर्ष-2047 तक प्रधानमंत्री मोदी का “विकसित भारत” निर्माण का ध्येय करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए काम के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने आगे कि यह उनका का सौभाग्य है कि श्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा का उनको सु-अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि वह श्री मोदी की राष्ट्र साधना की इस प्रेरक यात्रा के सफल 24 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उनको हार्दिक बधाई देते हैं।

