श्योपुर: जिले में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवा ने धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। अचानक बदले मौसम के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह जमीन पर बिछ गई है, जिससे किसानों को बड़े नुकसान की आशंका है। मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। हवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि खेतों में खड़ी धान की बालियां टिक नहीं सकीं और अधिकांश फसल झुककर जमीन पर गिर गई।
किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अब फसल की कटाई में परेशानी होगी। इसके अलावा, जमीन पर गिरी फसल में दाने सड़ने और उपज कम होने का खतरा भी बना हुआ है। कई खेतों में पानी भर जाने से यह आशंका बढ़ गई है। श्योपुर, कराहल और बड़ौदा तहसील के सोईकलां, जावदेश्वर, ददूनी, गोपालपुरा, ज्वालापुर, रायपुरा, पांडोला, हलगांवदा सहित कई गांवों में धान की फसल को भारी क्षति हुई है।
