भोपाल। नगर निगम की जलकार्य शाखा के नवीन मुख्यालय भवन स्थित सभागार में जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता महापौर परिषद में जलकार्य एवं सीवरेज विभाग के प्रभारी सदस्य तथा अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने की.
बैठक में शहर के प्रमुख मजदूर स्थलों पर स्टॉल के माध्यम से ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई. साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध रूप से पाइप लाइनों पर सीधे मोटर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मोटर जब्त करने के निर्देश दिए गए.
अधिकारियों को वर्तमान जल प्रदाय व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कहा गया. इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
बैठक में अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, नगर यंत्री जेड. ए. खान सहित जलकार्य विभाग के सहायक यंत्री, उपयंत्री और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
