शिवपुरी: जिले में लगातार हो रही बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब तक 56.15 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि जिले की सामान्य औसत बारिश 32.13 इंच होती है। यानी इस बार लगभग 75% ज्यादा वर्षा हो चुकी है। लगातार बारिश के कारण मड़ीखेड़ा डैम का जलस्तर बार-बार खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डैम के गेट खोलने पड़े हैं। डैम से कुल 2,195 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी छोड़ा जा चुका है। बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं ने भी कई जगह नुकसान पहुंचाया है। कोलारस कस्बे के पठान मोहल्ला में एक बड़ा पेड़ गिरने से एक मकान की दीवार टूट गई। एक बाइक और हाथठेला पेड़ के नीचे दब गया। बदरवास जनपद के भासौड़ा गांव में घरों में पानी भर गया।
