
नयी दिल्ली, 26 दिसंबर (वार्ता) भारत ने बंगलादेश में हिंदू समुदाय के एक और व्यक्ति की हत्या की निंदा करते हुए कहा है कि घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि भारत बंगलादेश में एक और हिंदू की हत्या की घोर निंदा करता है। बंगलादेश की अंतरिम सरकार के बनने के बाद से अब तक हत्या, आगजनी और जमीन हड़पने की 2900 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भारत की मांग है कि अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाया जाए।
बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेता तारिक रहमान की बंगलादेश वापसी पर उन्होंने कहा कि भारत वहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेश चुनाव का पक्षधर है। इसके साथ ही भारत स्थिर और शांतिपूर्ण बंगलादेश चाहता है और अपने इस पड़ोसी देश के साथ संबंधों को मजबूत करना चाहता है। प्रवक्ता ने कहा कि भारत का मानना है कि चुनाव में सभी दलों की हिस्सेदारी होनी चाहिए। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में बंगलादेश में हिंदू समुदाय के दो लोगों की हत्या कर दी गयी है। बंगलादेश में प्रमुख राजनीतिक दल अवामी लीग पर चुनाव लड़ने पर रोक भी लगाई जा चुकी है। इस तनावपूर्ण माहौल में श्री रहमान की वतन वापसी, लोगों के लिए एक आशा की किरण बन कर आयी है।
