ताशकंद, 12 जुलाई (वार्ता) भारत की अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम रविवार को उज्बेकिस्तान के साथ अपना पहला मैत्री मुकाबला खेलेगी।
भारतीय टीम यहां उज्बेकस्तान के साथ दो मैत्री मैच खेलेंगी। पहला मैच 13 जुलाई को डू’ स्टलिक स्टेडियम में भारतीय समयानुसार साढ़े आठ बजे से खेला जाएगा। बेंगलुरु के पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में प्रशिक्षण के बाद भारतीय टीम शुक्रवार सुबह उज्बेकिस्तान की राजधानी पहुंची और शाम को जिम में अभ्यास किया। कल होने वाले मैच से पहले आज शाम टीम ने अभ्यास किया।
भारतीय टीम इन मैत्री मैचों का उपयोग अगले महीने होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशिया कप क्वालीफायर की तैयारी के लिए कर रही है। क्वालीफायर में भारतीय टीम का मुकाबला इंडोनेशिया, तुर्कमेनिस्तान और मेजबान म्यांमार से होगा।
भारतीय टीम के मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेडरसन ने कहा, “हम एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना करना चाहते थे ताकि हमें अंदाजा हो सके कि एशियाई क्वालीफायर में हमारा क्या अभ्यास है। हम यह भी आकलन करना चाहते हैं कि सभी खिलाड़ी ऐसे मैचों में अपनी भूमिका कैसे निभाते हैं, खासकर जब हम क्वालीफायर के लिए टीम को अंतिम रूप देने के करीब पहुंच रहे हैं। यह हमें न केवल मैदान पर बल्कि यात्रा करने और विभिन्न परिस्थितियों के अनुकूल होने का भी बहुमूल्य अनुभव प्राप्त करने में मदद करेगा।”
उन्होंने कहा, “ताशकंद का मौसम अभी तक बेंगलुरु जैसा ही है, इसलिए इस मोर्चे पर कोई समस्या नहीं है। होटल, आवास और भोजन भी ठीक है।”
भारत की अंडर-20 महिला टीम 24 खिलाड़ियों के साथ आई थी, आखिरी समय में बदलाव हुआ। मेलोडी चानू कीशम के बीमार होने कारण अनिका देवी शारुबम को गोलकीपर बनाया गया है।
भारत के खिलाफ इन मैत्री मैचों के लिए उज्बेकिस्तान अंडर-20 की 23 सदस्यीय टीम में चार खिलाड़ी शामिल हैं, जो मई में भारत के खिलाफ दो फीफा मैत्री मैचों के लिए सीनियर टीम के साथ बेंगलुरु गए थे।
