सिंगरौली । जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में पदस्थ महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति सिंह का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला चिकित्सक एक नाबालिग बच्ची के साथ धक्कामुक्की करती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि कार की टक्कर को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्कामुक्की तक पहुंच गई। घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने बैढ़न कोतवाली पहुंचकर महिला चिकित्सक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा भी महिला चिकित्सक को खरी-खोटी सुनाए जाने की चर्चा है। मामला गरमाने के बाद चिकित्सक के बैकफुट पर आने की बात भी सामने आई है। अब सवाल उठ रहा है कि नाबालिग के साथ कथित अभद्रता के मामले में क्या निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई होगी? फिलहाल वायरल वीडियो की पुष्टि नवभारत नहीं करता है।
