
भोपाल। टी टी नगर थाना पुलिस ने बिजली तार चोरी का खुलासा किया है. पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से लगभग 2 क्विटंल एल्युमिनियम का तार जप्त किया है. जब्त तार की अनुमानित कीमत 50 हजार रूपये आंकी गई है. पुलिस जानकारी के अनुसार रविवार को सूचना मिली थी कि दो लड़के सेकेण्ड स्टाप के पास इमरान कबाड़ी की दुकान पर चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहे है. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घेराबंदी कर पकड़ा. नाम और पता पूछने पर आरोपियों ने अपना नाम आयुष वर्मा उम्र 25 साल निवासी हबीबगंज और संदीप सोंधिया उम्र 25 साल निवासी रातीबड बताया. संदेहियों के पास रखी बोरी को खोलकर देखने पर अन्दर बिजली वाला एल्युमिनियम का तार होना पाया गया. दोनों से सामान के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए जो वह नहीं दिखा पाए. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जूर्म स्वीकार करते हुए घटना की जानकारी दी. आरोपियों ने बताया कि 2 अक्टूब को देर रात्रि दोनो ने ग्राम बिल्किसगंज थाना झागरिया जिला सीहोर से बिजली का तार चोरी किया था. चोरी का यह सामान टीटी नगर में बेंचने के लिए दोनों आए थे. पुलिस ने मौके पर उन्हें पकड़ लिया.
