
मुलताई। ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खेडीकोर्ट में स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल की इमारत जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। 40 साल पहले वर्ष 1984 में बना यह स्कूल भवन अब जर्जर होकर विद्यार्थियों के लिए खतरा बन गया है। स्कूल के कुल 20 कमरों में से 15 कमरे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसके कारण केवल 5 कमरों में ही कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
कमरों की कमी के कारण एक ही कक्ष में दो-दो कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यही वजह है कि कई विद्यार्थी अन्य स्कूलों में प्रवेश ले रहे हैं और खेडीकोर्ट स्कूल की दर्ज संख्या लगातार घट रही है।
वर्तमान में स्कूल में गणित, विज्ञान, कला और कृषि विषयों के साथ कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कुल 10 कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं के संचालन के लिए कम से कम 10 कक्षों की आवश्यकता है, लेकिन ठीक स्थिति में केवल 5 कमरे होने से स्कूल प्रशासन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा स्कूल में प्रैक्टिकल लैब, पुस्तकालय, शौचालय और स्टाफ रूम जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। स्कूल प्रशासन ने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को भवन की स्थिति से अवगत कराया है और नया भवन स्वीकृत करने के लिए पत्र भी भेजा है, परंतु अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है।
स्कूल परिसर में लगभग 5 हजार वर्गफुट भूमि उपलब्ध होने के बावजूद नया भवन नहीं बन पाने से विद्यार्थियों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। पुराने भवन को कंडम घोषित कर नया निर्माण कराए जाने की मांग लंबे समय से लंबित है।
मुख्य समस्या:
20 में से 15 कमरे क्षतिग्रस्त
एक कमरे में दो-दो कक्षाएं
लैब, लाइब्रेरी, शौचालय, स्टाफ रूम की कमी
भवन निर्माण स्वीकृति अब तक अटकी
स्कूल प्रशासन की मांग:
पुराने भवन को तोड़कर नए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुगम शिक्षण वातावरण मिल सके।
