
इंदौर. पतंग उड़ाना हमारी परंपरा और त्योहारों का अहम हिस्सा है, लेकिन चाइनीज़ मांझा यानि कि ग्लास कोटेड नायलॉन धागा. इस खेल को खतरनाक बना रहा है. पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह मांझा न केवल पक्षियों की जान लेता है, बल्कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी घातक साबित हो सकता है.
हाल के वर्षों में चाइनीज़ मांझा के कारण गले, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और कई मामलों में जान भी चली गई है. प्रशासन ने बताया कि ऐसे धागों का उपयोग कानूनी रूप से प्रतिबंधित है. इसे बेचने या इस्तेमाल करने पर दंडनीय कार्रवाई की जा सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों और मकर संक्रांति के अवसर पर पतंगबाज़ी का असली आनंद सुरक्षित और पारंपरिक धागों के साथ ही लिया जा सकता है. अधिकारियों ने आमजन से आग्रह किया है कि खेल का मज़ा दूसरों को नुकसान पहुँचाए बिना लें और सार्वजनिक सुरक्षा का ध्यान रखें.
