
छिंदवाड़ा/परासिया। जिले की परासिया तहसील में पिछले एक माह में किडनी फेल्योर के कारण बच्चों की मौत का आंकड़ा 12 तक पहुँच गया है. हाल ही में बड़कुही की 3 वर्षीय बालिका योगिता धरसे की भी नागपुर के निजी अस्पताल में निधन हो गया. स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार, मृत बच्चों में खजूरीअंतु की 14 माह की बालिका संध्या, 5 वर्षीय अदनान खान न्यूटन चिखली, 5 वर्षीय हेतांश सोनी उमरेठ, परासिया के 4 वर्षीय उसैद, बाघ बर्दिया का 4 वर्षीय शिवम राठौर, बेलगांव की विधि, सेठिया की 5 वर्षीय रिषिका पिपरे, गायगोहान के चंचलेश और दीघावानी के 4 वर्षीय विकास यदुवंशी शामिल हैं. हालांकि, पगारा क्षेत्र के डुडडी गांव के 7 वर्षीय दिव्यांश चंद्रवंशी और परासिया के 18 माह की बालिका श्रेया यादव का नाम रिकॉर्ड में नहीं है.
शासन ने मृतक परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है, लेकिन प्रशासन अब तक मौत के कारणों और बचाव के उपायों पर स्पष्ट निष्कर्ष नहीं दे पाया है.
