
मक्सी।खाद्य आपूर्ति विभाग शाजापुर ने गुरुवार को मक्सी स्थित
कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की। यहां से राजगिरा और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए और उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया।
यह कार्रवाई हाल ही में पांचाल परिवार के छह सदस्यों को हुई फूड पॉइजनिंग की घटना के संबंध में की गई है। मौके पर खाद्य अधिकारी एम.के. वर्मा, कार्यपालिक दंडाधिकारी जितेंद्र चौरसिया, के.एल. कुंभकार, पीर उमरोद पटवारी मोहित लश्कन, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अर्पित जैन तथा पुलिस विभाग से हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा मौजूद थे।
खाद्य अधिकारी एम.के. वर्मा ने बताया, पांचाल परिवार के सदस्यों को हुई फूड पॉइजनिंग की शिकायत के बाद मोदी ट्रेडिंग कंपनी पर कार्यवाही की गई। जांच के लिए राजगिरा और सिंघाड़े के आटे के नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जल्द ही एक विशेष टीम गठित की जाएगी, जो मिठाई और दूध जैसे संवेदनशील खाद्य पदार्थों पर निगरानी रखेगी। किसी भी तरह की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
