
इंदौर. विजयादशमी पर परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले शस्त्र पूजन कार्यक्रम में इस बार विशेष आकर्षण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी रही. दोपहर करीब ढाई बजे डीआरपी लाइन पहुंचे और सबसे पहले कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की. मुख्यमंत्री के आगमन के कारण इस बार पूजा का आयोजन निर्धारित समय से कुछ देर बाद प्रारंभ हुआ.
डीआरपी लाइन में हर वर्ष पुलिस विभाग द्वारा धूमधाम से शस्त्र पूजन किया जाता है. इस बार सीएम की मौजूदगी से आयोजन और भी खास हो गया. पुलिस लाइन परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था और जवान पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए. मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष इंतजाम किए थे. आयोजन स्थल का निरीक्षण एक दिन पहले ही कलेक्टर और कमिश्नर ने किया था. विजयादशमी के अवसर पर शहर के सभी थानों में भी विधिपूर्वक शस्त्र पूजन किया. हीरानगर थाने में टीआई सुशील पटेल, जबकि आजादनगर थाने में दोपहर 12 बजे टीआई लोकेश सिंह भदौरिया ने स्टाफ के साथ पूजा की. द्वारकापुरी, राजेंद्रनगर, छत्रीपुरा और पलासिया सहित अन्य थानों में भी सुबह से ही शस्त्र पूजन के कार्यक्रम सम्पन्न हुए.
